अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर की सुरक्षा पूरी तरह अभेद्य होगी और इसके लिए अत्याधुनिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
नृपेंद्र मिश्रा दो दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के चारों ओर लगभग चार किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसमें आधुनिक सुरक्षा और निगरानी उपकरण लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि गेट नंबर 11, जिसे आदि शंकराचार्य द्वार के नाम से जाना जाएगा, का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इस गेट पर आधुनिक सुरक्षा प्रणाली भी पूरी तरह स्थापित कर दी गई है। वहीं, जल्द ही गेट नंबर 3 के निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी।
मंदिर परिसर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए चार वॉच टावर बनाए जाएंगे। वॉच टावर और बाउंड्री वॉल के डिजाइन मॉडल को स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधानों को गोपनीय रखा गया है।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए एक और सुविधा की जानकारी देते हुए नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि सप्त ऋषियों के मंदिर के दर्शन की व्यवस्था भी जल्द प्रारंभ की जाएगी, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक अनुभव का और विस्तार मिलेगा।