अयोध्या। शीतलहर की संभावनाओं को देखते हुए इस वर्ष भी सियाराम चौरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में शीतकालीन जनसेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ 13 दिसंबर से किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न चरणों में जरूरतमंदों को कंबलों का वितरण किया जाएगा।
वरिष्ठ समाजसेवी रामानुज सिंह ‘रामा’ ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी ट्रस्ट द्वारा ठंड से बचाव के लिए व्यापक तैयारी की गई है। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ होगा, जिसमें जिले के प्रसिद्ध संस्थान जिंगल बेल की निदेशक मंजुला झुनझुनवाला मुख्य रूप से मौजूद रहेंगी। साथ ही सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अन्य विशिष्ट अतिथियों की भी उपस्थिति रहेगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 13 दिसंबर को अपराह्न 1 बजे से 2 बजे के बीच रामपथ स्थित सहादतगंज हनुमानगढ़ी परिसर में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और शहर के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी कंबल वितरण किया जाएगा।
रामानुज सिंह ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य ठंड के मौसम में असहाय और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से इस मानवीय अभियान में सहयोग करने की अपील की।