अयोध्या। अयोध्या में इस वर्ष का दीपोत्सव पहले से अधिक भव्य और ऐतिहासिक रूप में मनाने की तैयारी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में दीपोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अमित कुमार सिंह, चंद्रभानु पासवान, प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, विशेष सचिव इशा प्रिया, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी शामिल रहे।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि इस वर्ष दीपोत्सव में प्रज्ज्वलित दीपों की संख्या, ड्रोन शो और सरयू आरती के माध्यम से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़े वेंडरों, लाइट और ड्रोन टीमों को समय से अनुमति दी जाए ताकि तैयारियों में कोई बाधा न आए।
दीपोत्सव के सजीव प्रसारण के लिए शहर के प्रमुख स्थलों पर एलईडी वैन और डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। शोभायात्रा रामायण थीम पर आधारित होगी, जिसमें पर्यटन विभाग की सात और सूचना विभाग की चौदह झांकियां निकाली जाएंगी। आयोजन से एक दिन पूर्व शोभायात्रा का पूर्वाभ्यास मुख्य दिवस की तरह कराया जाएगा।
बैठक में सुरक्षा, पुष्पवर्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, यातायात, अग्निशमन, आमंत्रण पत्र और ग्रीन आतिशबाजी सहित सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक आत्मा का उत्सव है, जिसे इस वर्ष ऐतिहासिक रूप में दर्ज किया जाएगा।