जैतपुर अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री बीते चार अगस्त की सुबह अपने नव-निर्मित मकान पर बाबा को नाश्ता देने गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन के दौरान मकान पर एक कीपैड सैमसंग मोबाइल बरामद किया, जिससे संदेह गहराया कि किसी ने उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर जैतपुर थाना पुलिस ने आरोपी मो. इमरान खान पुत्र इंसाफ अली निवासी रन्नूखा का पूरा, थाना जलालपुर को अम्बरपुर ओवरब्रिज के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी धीरेन्द्र आजाद ने बताया कि आरोपी को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है तथा लड़की को पुलिस अभिरक्षा में रखकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।