◆ साकेत महाविद्यालय के सामने स्थित है रोबोट रेस्टोरेंट
अयोध्या। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र स्थित साकेत महाविद्यालय के सामने मौजूद रोबोट रेस्टोरेंट के प्रबन्धन ने फर्जी तरीके से कूपन बेचने का आरोप एक अन्य संस्था पर लगाया है। इस संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए रेस्टोरेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर ने पुलिस से आनलाइन शिकायत किया है।
आनलाइन शिकायत में द एलो हाउस रोबोट रेस्टोरेंट यूनिट आफ लेडलाइड हास्पिलिटी प्राइवेट लिमिटेड रानोपाली के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिकेत श्रीवास्तव का कहना है कि रेस्टोरेंट में सुरेश कुमार तिवारी को मैनेजर नियुक्त किया गया था। उसके मौजूदगी में साई एण्ड इंडियन हास्पिटैलिटी सर्विस के लोग बिना किसी पूर्व अनुमति के कूपन बेचना शुरू कर दिए। तीन सितम्बर को जब फेक कूपन के बारें में पता चला तो इसकी पड़ताल शुरू कर दी गई। जिसके बाद सभी फर्जी कूपन पर रोक लगा दी गई। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगो को यह अवगत करा दिया गया कि यह कूपन फर्जी है। इसे खरीदा न जाए। मैनेजर सुरेश कुमार तिवारी को रेस्टोरेंट से हटा दिया गया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि जिन लोगो ने कूपन खरीदा है उसके लिए जिम्मेदार साई एण्ड हॉस्पिटैलिटी एण्ड सर्विस है न कि रेस्टोरेंट है। क्योंकि उन लोगो के द्वारा मार्केट से कूपन खरीदा गया। रेस्टोरेंट से कूपन नहीं खरीदा गया। मामले में एफआईआर दर्ज करके कार्रवाई करने की मांग की गई है।
प्रेस वार्ता के दौरान रेस्टोरेंट के मैनेजर माविया अब्दुल्लाह ने बताया कि साई एण्ड हॉस्पिटैलिटी एण्ड सर्विस मार्केट मे बिना किसी एग्रीमेंट के दुकान-दुकान पर कूपन बेचते है। उसमे उन्होंने 1800 रुपये में कई सारे प्लान बताए है। कुछ गेस्ट यहां आए भी और कूपन का उपयोग किए। स्टाफ को इसकी जानकारी नहीं थी। कूपन को इस तरीके से पिंट कराया गया है जिससे स्टाफ समझते थे कि हमारी कम्पनी का हो सकता है। जब इसको देखा तो आगे इसकी सूचना दी, तब पता चला कि ऐसा कोई एग्रीमेंट या बांड हुआ ही नहीं था। इस कम्पनी ने कोई ऐसी स्कीम नहीं निकाली है।
कूपन लेकर ग्राहकों के पहुंचने पर हुई विवाद की शुरूआत
जब कूपन लेकर लोग रेस्टोरेंट पहुंचे, तो विवाद की शुरूआत हुई। रेस्टोरेंट मैनेजर ने साफ इनकार करते हुए कहा कि उनका रेस्टोरेंट किसी भी तरह का ऐसा ऑफर नहीं चला रहा है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने रेस्टोरेंट को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि रेस्टोरेंट के नाम पर 1800 रुपये का कूपन बेचा जा रहा है। इस कूपन के जरिए ग्राहकों को 4 से 5 हजार रुपये तक का भोजन मुफ्त मिलने का दावा किया जा रहा था। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। रानोपाली चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह माहौल को शांत कराया। अगले दिन इस पूरे मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई।