जलालपुर अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के मजीरा गांव में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर बने गड्ढे में डूबकर 11 माह के मासूम की मौत हो गई। घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के मुताबिक, मजीरा निवासी सीताराम की पुत्री गुलरा देवी अपने बच्चों के साथ इन दिनों मायके आई हुई थीं। सोमवार की शाम वह किसी कार्य से घर के बाहर चली गईं और उनका 11 माह का बेटा घर में ही रह गया। इस दौरान घुटनों के बल चलने वाला मासूम घर में लगे नल के पास बने गड्ढे में जा गिरा और उसमें भरे पानी में डूब गया।
मां जब वापस लौटी तो बच्चे को औंधे मुंह पानी में पड़ा देख चीख पड़ी। शोर सुनकर परिजन पहुंचे और आनन-फानन में मासूम को रफीगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर-परिवार और गांव में मातम छा गया है।