अंबेडकर नगर। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा की बैठक रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शास्त्रीनगर अकबरपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक आत्माराम तिवारी ने की, जबकि संचालन संगठन मंत्री राजेंद्र प्रसाद दुबे ने किया। बैठक में जिलाध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में संगठन को जिम्मेदारी और विवेकपूर्ण ढंग से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि केवल संगठनबद्ध होकर ही समाज पर हो रहे आघातों का जवाब दिया जा सकता है।
संगठन मंत्री बलराम मिश्र ने कहा कि महासभा गरीब और जरूरतमंद ब्राह्मण परिवारों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि संगठन कन्याओं के विवाह में यथाशक्ति सहयोग करेगा और गरीब बच्चों को संस्कारित शिक्षा दिलाने के लिए उन्हें गुरुकुलों में प्रवेश दिलाने का प्रयास करेगा। उनका कहना था कि शिक्षा और सहयोग से ही समाज को भविष्य के विद्वान मिल सकते हैं।
आलापुर विधानसभा क्षेत्र को सामान्य सीट बनाए जाने की मांग पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो महासभा इस संघर्ष में सक्रिय भूमिका निभाएगी। बैठक में महासचिव वागीश मिश्र, जिला सलाहकार हरिशंकर तिवारी, सर्वेश पांडेय, जनार्दन पांडेय, अनुरोध तिवारी, मंडल प्रभारी मीरा पांडेय, महिला जिला उपाध्यक्ष रेनू तिवारी, पप्पू दुबे, जितेंद्र कुमार दुबे, वेदांत स्वरूप तिवारी, परशुराम सेवा जिलाध्यक्ष अनिल शुक्ल, जिला प्रभारी नन्हे चौबे, आचार्य मंटू तिवारी और संजय कुमार उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।