जलालपुर, अम्बेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में एक युवती के साथ दुराचार का गंभीर मामला सामने आया है। घटना शनिवार की रात की बताई जा रही है, जब युवती अपने घर में सो रही थी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलालपुर क्षेत्र के एक गांव की निवासी युवती ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे जब वह घर में सो रही थी, उसी दौरान मंगुराडीला निवासी पंकज पुत्र हौसिला गौड़ चुपके से घर में घुस आया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। युवती द्वारा शोर मचाने पर घरवाले जाग गए, जिसके बाद आरोपी धक्का देकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्काल आरोपी के विरुद्ध घर में घुसकर दुष्कर्म करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित व सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।