Monday, March 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरसड़क हादसे के बाद परिजनों ने शव रखकर किया चक्का जाम, दो...

सड़क हादसे के बाद परिजनों ने शव रखकर किया चक्का जाम, दो घंटे बाद माने परिजन


जलालपुर अम्बेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के मालीपुर-अकबरपुर मार्ग पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शनिवार को शव को चौराहे पर रखकर चक्का जाम कर दिया। परिजनों की मांग थी कि अज्ञात वाहन की बजाय नामजद ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा दर्ज किया जाए।



सूचना पर पहुंचे एडिशनल एसपी श्याम देव, एसडीएम जलालपुर राहुल गुप्ता, सीओ अनूप कुमार सिंह सहित सर्किल के थानों की पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। अधिकारियों के आश्वासन और नामजद चालक अंगद सिंह पर मुकदमा दर्ज होने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।


हादसे के बाद अज्ञात वाहन पर दर्ज हुआ था केस


शुक्रवार दोपहर जगतुपुर बिल्टई निवासी दीपक पुत्र जगदीश अपने दो साथियों शुभम और ऋतिक के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारी के लिए कपड़ा खरीदने गया था। लौटते समय मालीपुर-अकबरपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई।

पुलिस ने मृतक के भाई सहदेव की तहरीर पर अज्ञात स्कूली वाहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन परिजनों का आरोप था कि सहदेव से सादे कागज पर हस्ताक्षर करवा कर तहरीर बदलवा दी गई।


परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, मांगी न्यायिक कार्रवाई


शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण चौराहे पर इकट्ठा हो गए और शव को रखकर दो घंटे तक जाम लगाया। परिजनों ने स्पष्ट मांग रखी कि मृतक के पिता की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार ही नामजद ट्रैक्टर चालक पर मुकदमा दर्ज किया जाए। लगातार समझाने के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक अंगद सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। शाम लगभग छः बजे के आसपास परिजन शांत हुए और जाम समाप्त किया गया।


जाम करने वालों पर होगी कार्रवाई


एडिशनल एसपी श्याम देव ने बताया कि मार्ग जाम कर कानून हाथ में लेना गलत है। चौराहे पर हुई पूरी घटना की वीडियो ग्राफी कराई गई है और उसकी मदद से जाम में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments