अम्बेडकर नगर। बुधवार को जनपद में गो-संवर्धन एवं गो-सेवा दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले की समस्त गोशालाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम रूकुनुद्दीनपुर स्थित गोवंश आश्रय स्थल, विकास खण्ड अकबरपुर में संपन्न हुआ, जहां मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सदर डॉ. डी.के. सिंह, ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने गोसेवा का संकल्प लिया और अधिक से अधिक लोगों को गोपालन के लिए प्रेरित करने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान 1166 गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 31 गोवंशों को चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई। जिला स्तरीय नोडल अधिकारी, सभी उप मुख्य/पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, स्वयं सहायता समूह एवं जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर जनपद के प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारियों एवं सामाजिक संस्थाओं से गो-संरक्षण एवं संवर्धन कोष में आर्थिक सहयोग देने की अपील की गई ताकि गोपालन को और अधिक बढ़ावा दिया जा सके।