अयोध्या । तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने आमजन की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में आवास, भूमि विवाद, चिकित्सा, पेयजल, पेंशन, चकमार्ग और पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें बड़ी संख्या में पहुंचीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में जांच आवश्यक हो, उनमें राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
जनपद की पांचों तहसीलों सदर, बीकापुर, सोहावल, रुदौली और मिल्कीपुर में कुल 750 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 85 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में 171 में से 32, बीकापुर में 65 में से 12, सोहावल में 178 में से 10, रुदौली में 84 में से 11 तथा मिल्कीपुर में 252 में से 20 शिकायतों का तत्काल समाधान कराया गया। शेष मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
एक घंटे में खतौनी की त्रुटि सुधरी
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम पिलखांवा निवासी सूर्यभान पाण्डेय ने खतौनी में पिता के नाम की त्रुटि की शिकायत जिलाधिकारी से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद लगभग एक घंटे के भीतर खतौनी में संशोधन कर शिकायतकर्ता को संशोधित प्रति उपलब्ध करा दी गई।
इस अवसर पर आईपीएस प्रशिक्षु शुभम जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया, उप जिलाधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।