Wednesday, October 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरकड़ी सुरक्षा के बीच जिले में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, जयकारों से...

कड़ी सुरक्षा के बीच जिले में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, जयकारों से गूंजे घाट और मार्ग


◆ गायत्री मंदिर के निकट विसर्जन स्थल का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, विभिन्न घाटों पर उमड़े श्रद्धालु


अंबेडकर नगर। जिले में बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है। जिला मुख्यालय से लेकर श्रवण क्षेत्र, टांडा, सुरहुरपुर, जलालपुर और भीटी समेत विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में प्रतिमाओं का विसर्जन हो रहा है। विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।



नवरात्र और दुर्गा पूजा महोत्सव के समापन के बाद विभिन्न पूजा समितियों की ओर से प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए ले जाने का सिलसिला शुरू हुआ। आकर्षक ढंग से सजाए गए वाहनों पर विराजमान मां दुर्गा की प्रतिमाओं के साथ श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच विसर्जन यात्राएं निकाली जा रही हैं।

जिला मुख्यालय स्थित गायत्री मंदिर के निकट हो रहे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विसर्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क नजर आया।

उधर, भियांव ब्लॉक के बंदीपुर स्थित जगर्देव बाबा देवस्थल समेत जैतपुर थाना क्षेत्र के लेढ़िया घाट, तिघरा घाट और रैदा घाट तथा कटका थाना क्षेत्र के दुल्हूपुर घाट और मंझरिया घाट सहित अन्य विसर्जन स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया। विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।

जिले में विसर्जन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। प्रमुख मार्गों और विसर्जन स्थलों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। मां दुर्गा को विदाई देते हुए श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर आने की कामना की। भक्ति और उल्लास के बीच जिले में प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments