अंबेडकरनगर। तहसील भीटी में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और जनपद स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण महज कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरत के अनुसार मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
समाधान दिवस में भीटी तहसील में 119 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, पंचायत और समाज कल्याण समेत सभी विभागों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने को कहा।
अन्य तहसीलों में भी फरियाद सुनी गई। जलालपुर में 73 शिकायतों में छह, आलापुर में 93 में नौ, टांडा में 61 में आठ और अकबरपुर में 90 में आठ शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस तरह जिले की पांचों तहसीलों में प्राप्त 436 शिकायतों में 37 का तत्काल निस्तारण हुआ। समाधान दिवस में सीएमओ, प्रभागीय वनाधिकारी, एसडीएम भीटी समेत अन्य जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।