अयोध्या। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिख धर्म के पांचवे गुरु, गुरु अर्जन देव महाराज के शहीदी दिवस पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरुनानक गोविंदधाम , नजरबाग अयोध्या धाम में रक्तदान शिविर, दांतों का फ्री चेकअप कैंप एवं छबील सेवा का आयोजन किया गया। जो भारतीय सेना को समर्पित रहा। यहां सेवा, समर्पण व आस्था का संगम देखने को मिला। गुरु अर्जन देव महाराज का महान शहीदी दिवस निष्ठा एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। शिविर में 33 लोगों ने रक्तदान किया और हजारों श्रद्धालुओं ने छबील (ठंडा शरबत) ग्रहण कर भीषण गर्मी से निजात पाई। यह कार्यक्रम खालसा फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित रहा। 40 दिनों से प्रतिदिन चल रहे श्री सुखमनी साहिब के पाठ की समाप्ति के उपरांत कीर्तन अरदास करके छबील (शरबत वितरण)का आरम्भ हुआ। इसी के साथ रक्तदान शिविर का शुभारंभ गुरुद्वारा के मुख्य प्रबंधक संत बाबा महिंदर सिंह जी और भवदीय पब्लिक स्कूल के प्रबन्धक अवधेश वर्मा द्वारा रक्तदान कर किया गया । संत बाबा महिंदर सिंह ने कहा कि गुरु अर्जन देव महाराज सिखों के पांचवें गुरु , शहीदों के सरताज एवं शांतिपुंज हैं। आध्यात्मिक जगत में गुरु को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। महान शहादत दिवस पर गुरु अर्जन देव महाराज को नमन है। उनके द्वारा किए गए योगदान को कभी भुलाया नही जा सकता है। मुख्य अतिथि के रूप में बाबा जी द्वारा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट महासचिव चंपत राय का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया गया। नवनीत सिंह ने बताया कि गुरु अर्जन देव महाराज के महान शहीदी दिवस पर गुरुद्वारा प्रांगण में विशाल रक्तदान शिविर, दांतों का फ्री चेकअप कैंप लखनऊ से आए डॉ सौरभ भल्ला द्वारा और छबील सेवा का आयोजन किया गया। छबील की सेवा सुबह से शुरु होकर देर शाम तक चलती रही। जिसमें हजारों श्रद्धालु-भक्तों ने ठंडा शरबत ग्रहण किया। इसके अलावा शबद-कीर्तन, लंगर का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दरबार में मत्था टेका और लंगर प्रसाद छका। यह गुरुद्वारा नजरबाग का परंपरागत कार्यक्रम था। जो हर वर्ष मनाया जाता है। संत बाबा महेंदर सिंह जी ने सहयोगी इलाका निवासी समूह साध संगत को कार्यक्रम में सम्मिलित होने तथा सफल बनाने के लिए धन्यवाद देते हुए गुरु जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।