अयोध्या। कोतवाली नगर पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए करीब 140 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया। बरामद शराब की कीमत का पुलिस ने फिलहाल खुलासा नहीं किया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को सिविल लाइंस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह की सूचना पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जनौरा कट, फतेहगंज चौकी के पास से अनुराग सोनी निवासी गोरखपुर और शमशाद अहमद निवासी मऊ को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान कार से 750 एमएल की 76 बोतल, 375 एमएल की 190 बोतल और 180 एमएल की 68 बोतल बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 140.49 लीटर है और सभी बोतलें रायल ग्रीन ब्रांड की हैं। शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार संख्या यूपी 16 एएच 4264 को भी सीज कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अनुराग सोनी के खिलाफ अयोध्या के अलावा मथुरा के मांट थाने में भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। शमशाद अहमद के खिलाफ अयोध्या के कोतवाली नगर में मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा, आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह समेत पुलिस और आबकारी विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।