अयोध्या। नगर निगम के दस नामित पार्षदों ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण के साथ ही नगर निगम में पार्षदों की कुल संख्या बढ़कर 70 हो गई है। कार्यक्रम में विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, नगर निगम के अधिकारी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
महापौर ने सभी नामित पार्षदों को शपथ दिलाते हुए विश्वास जताया कि वे निर्वाचित पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
शपथ लेने वाले पार्षदों में सुशील मिश्र ‘बबलू’, संजय निषाद, लक्ष्मण वर्मा, संजय कोरी, सुशील कुमार सिंह, रंजना सागर, आशुतोष पांडेय, ज्ञान केसरवानी, सुनीता गुप्ता और अर्चना द्विवेदी शामिल रहीं। शपथ ग्रहण के दौरान रंजना सागर भावुक हो गईं, जिसके बाद महापौर ने उन्हें संभालते हुए शपथ पूरी कराई।
कार्यक्रम का संचालन सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडे ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, नगर निगम के उपसभापति संतोष सिंह, निवर्तमान उपसभापति राजेश गौड़, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडे ‘कुन्नू’, मनोज जायसवाल, रंजीत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।