जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर क्षेत्र के गंजा मोहल्ले में रात के अंधेरे में घर में घुसकर गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के गंजा मोहल्ला निवासी कपिल देव विश्वकर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती शाम परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। सुबह जब वह उठे तो घर में रखा गैस सिलेंडर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में मोहल्ले का ही बीपी ठठेरा नामक युवक घर में घुसकर सिलेंडर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पीड़ित ने जलालपुर पुलिस को लिखित तहरीर देकर सिलेंडर वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप ने बताया कि पीड़ित की तहरीर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।