Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर अवैध क्लीनिक में गर्भपात के दौरान युवती की मौत, संचालक व प्रेमी...

अवैध क्लीनिक में गर्भपात के दौरान युवती की मौत, संचालक व प्रेमी हिरासत में

0

जलालपुर, अम्बेडकरनगर। सम्मनपुर बाजार में मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित कथित अवैध क्लीनिक में गर्भपात के दौरान 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती को उसका प्रेमी गर्भपात कराने के लिए बहाना बनाकर घर से लेकर आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्लीनिक संचालक इंद्रजीत और युवती के प्रेमी प्रमोद विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि कटका थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय युवती का जलालपुर निवासी प्रमोद विश्वकर्मा से काफी समय से प्रेम संबंध था। करीब छह माह पहले युवती गर्भवती हो गई थी। उसने इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह मां और परिवार के अन्य सदस्यों की गैरमौजूदगी में एक रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर प्रेमी प्रमोद के साथ घर से निकल गई।


प्रसव कराने का झांसा देकर भर्ती करने का आरोप


आरोप है कि प्रमोद युवती को सम्मनपुर बाजार स्थित रितिका मेडिकल सेंटर के नाम से संचालित क्लीनिक में लेकर पहुंचा। वहां संचालक इंद्रजीत ने सामान्य प्रसव कराने का भरोसा देकर युवती को भर्ती कर लिया। परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक में गर्भपात कराया जा रहा था। बताया जा रहा है कि संचालक और उसकी पत्नी पिछले कई वर्षों से प्रसव और गर्भपात कराने का काम कर रहे थे।
क्लीनिक में युवती को दवा देने के बाद रक्तस्राव शुरू हो गया। इसके बावजूद उसे रातभर वहीं भर्ती रखा गया। शुक्रवार सुबह उसकी हालत बिगड़ने पर प्रेमी प्रमोद ने युवती के घर फोन कर उसकी मां को जानकारी दी।


पुलिस पहुंची तो हो चुकी थी मौत


मां को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद परिजन क्लीनिक पहुंचे, जहां युवती की मौत हो चुकी थी। सूचना पर एसओ अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पुलिस ने क्लीनिक संचालक इंद्रजीत और युवती के प्रेमी प्रमोद को हिरासत में ले लिया है। पुलिस घटना के कारणों और क्लीनिक में कराए जा रहे इलाज की वैधता समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version