जलालपुर, अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के माजीसा लेहड़ी के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में स्कूली वाहन की टक्कर से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्मनपुर थाना क्षेत्र के आसमान पट्टी गांव निवासी राजमन अपनी पत्नी इंद्रावती (40) के साथ सम्मनपुर से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। माजीसा लेहड़ी के पास पीछे से आ रहे एलपीसी इंटरनेशनल एकेडमी के स्कूली वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में इंद्रावती गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके पति राजमन बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल इंद्रावती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सम्मनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दुर्घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।