जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के बैरागल गांव में सोमवार देर शाम एक 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी चांदनी (20) पुत्री स्वर्गीय दयाराम ने अपने घर के छप्पर में फांसी लगा ली। परिजनों को जानकारी होने पर उसे फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि युवती की शादी 19 मई को तय थी। शादी से पहले हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका दो भाइयों में सबसे छोटी और इकलौती बहन थी। घटना के समय उसकी मां और भाभी घर पर मौजूद थीं। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मालीपुर थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।