जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के सल्लाहपुर इकबालपुर गांव में जानवरों के लिए घास काटने गई एक महिला की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम पलट यादव की 65 वर्षीय पत्नी बसकाली जानवरों के लिए घास काटने खेत में गई थीं। बताया जाता है कि खेत में सिंचाई के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही गिर पड़ीं।
कुछ देर बाद खेत की ओर गए ग्रामीणों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए एक निजी चिकित्सालय ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस संबंध में मालीपुर थानाध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।