अयोध्या। महराजगंज थाना पुलिस ने ट्रक से डीजल चोरी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का करीब 50 लीटर डीजल, एक खाली कैन और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, चार अगस्त को अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र के पारासी निवासी ट्रक चालक ने महराजगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके खड़े ट्रक से डीजल चोरी कर लिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने पांच अगस्त को दलपतपुर बाईपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंबेडकरनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी भीमपाण्डेय और अयोध्या के गोशाईगंज थाना क्षेत्र के गणेशपुर बसौरा निवासी प्रिन्सवर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कैनों में भरा करीब 50 लीटर डीजल, एक खाली कैन तथा घटना में प्रयुक्त वर्ना कार (संख्या यूपी-32 एलएस-5576) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में चोरी, गैंगस्टर और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक महराजगंज के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रिंस सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश विश्वकर्मा, कांस्टेबल महेंद्र कुमार, नितीश यादव और रविंद्र कुमार की टीम ने अंजाम दिया।