Wednesday, July 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यातमंचा दिखाकर महिला से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

तमंचा दिखाकर महिला से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार


अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के श्रीराम कालोनी मझवा गद्दोपुर में आपसी विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवक तमंचा लेकर महिला के घर पहुंचे और उसे धमकाते हुए पीटा। शोर सुनकर जुटे मोहल्ले के लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र निवासी रेनू पाण्डेय ने तहरीर देकर बताया कि गुरुवार रात वह टहल रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली अंजली चौरसिया के घर से विवाद की आवाज सुनाई दी। वहां पहुंचने पर पता चला कि किराएदार प्रीति दूबे और मकान मालकिन के बीच कमरे को लेकर कहासुनी हो रही थी। रेनू ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो प्रीति ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की।

रेनू का आरोप है कि वह अपने घर लौट आईं, लेकिन कुछ देर बाद प्रीति दूबे का भाई अनुराग दूबे अपने साथी आजाद तिवारी के साथ उनके घर पहुंचा। इस दौरान एक युवक ने तमंचा निकालकर उन्हें डराने का प्रयास किया और विरोध करने पर तीनों ने मिलकर मारपीट की। घटना के दौरान शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने तमंचा मौके पर ही फेंक दिया था।

थानाध्यक्ष कैंट सदीप सिंह ने बताया कि मामले में प्रीति दूबे, अनुराग दूबे और आजाद तिवारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनुराग दूबे और आजाद तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। अन्य आरोपित के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments