जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के लाभापार गांव में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, लाभापार गांव निवासी रामनयन राजभर के बड़े पुत्र का शुक्रवार शाम को एक पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदारों के अलावा गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान रामनयन राजभर के छोटे पुत्र अनुराग राजभर द्वारा असलहे से हर्ष फायरिंग किए जाने का आरोप है। इस दौरान किसी व्यक्ति ने फायरिंग का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सार्वजनिक और पारिवारिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। इसके बावजूद शादी-विवाह और अन्य समारोहों में कुछ लोग खुलेआम असलहों का प्रदर्शन करते हुए फायरिंग करने से बाज नहीं आते। ऐसी लापरवाही कई बार जानलेवा साबित हो चुकी है और हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से लोगों की मौत तथा घायल होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर सार्वजनिक कार्यक्रमों में असलहों के दुरुपयोग और पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह यादव ने बताया कि हर्ष फायरिंग का मामला संज्ञान में आया है। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।