Monday, July 27, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याक्रिकेट प्रशिक्षण के दौरान बवाल, मैदान के बाहर पथराव और वाहनों में...

क्रिकेट प्रशिक्षण के दौरान बवाल, मैदान के बाहर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़, मुकदमा दर्ज


अयोध्या कोतवाली नगर क्षेत्र के फतेहगंज चौकी अंतर्गत क्षत्रिय बोर्डिंग हाउस सोसाइटी परिसर में संचालित क्रिकेट प्रशिक्षण के दौरान कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से हंगामा, पथराव और वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में कोतवाली नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कौशलपुरी कॉलोनी निवासी रामसागर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह क्षत्रिय बोर्डिंग हाउस सोसाइटी परिसर में छात्र-छात्राओं को क्रिकेट का प्रशिक्षण देते हैं। उनके अनुसार प्रशिक्षण के दौरान कुछ बाहरी युवक बार-बार मैदान में प्रवेश करने का प्रयास करते थे। घटना वाले दिन पुरानी सब्जी मंडी निवासी महफूज को कई बार समझाने के बावजूद वह परिसर में घुसने का प्रयास करता रहा। विरोध करने पर उसने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद उसे परिसर से बाहर किया गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद महफूज कई युवकों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा। उनके हाथों में लाठी-डंडे थे और वे परिसर में मौजूद बच्चों तक पहुंचने का प्रयास करने लगे। हालांकि मुख्य गेट बंद होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। इसके बाद आरोपितों ने बाहर से ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और प्रशिक्षण लेने आए छात्र-छात्राओं की खड़ी मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर फतेहगंज चौकी प्रभारी और डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments