Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरआमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवक गंभीर घायल

आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवक गंभीर घायल

जलालपुर, अम्बेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र के मगुराडीला चौराहे के पास शुक्रवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर निवासी अरविंद (35) पुत्र बुधीराम अपनी ससुराल बाजिदपुर आए हुए थे। शुक्रवार रात वह बाइक से बसखारी-जलालपुर मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान मगुराडीला चौराहे के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।

दूसरी बाइक पर मालीपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी अमन (25) और निरहू (30) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। सीएचसी नगपुर में डॉ. कृष्ण चंद्र और फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर तीनों घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments