Friday, March 6, 2026
HomeNewsप्रदेशरोडवेज बस पर गिरा पेड़, पांच की मौत, 17 घायल

रोडवेज बस पर गिरा पेड़, पांच की मौत, 17 घायल


बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी अनुबंधित बस में सवार थे 60 यात्री


हरख के राजाबाजार चौराहे के पास सुबह 10:30 बजे हुआ हादसा


बाराबंकी। जिला मुख्यालय से हैदरगढ़ जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस पर शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे अचानक गूलर का पेड़ गिर गया। हादसे में एडीओ, शिक्षिका व बस चालक सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हुए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया। परिवहन निगम की ओर से मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।



सुबह करीब 10 बजे परिवहन निगम की बस बाराबंकी डिपो से हैदरगढ़ के लिए रवाना हुई, जिसमें करीब 60 यात्री सवार थे। यात्रा के दौरान बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर हरख के समीप राजाबाजार में 10:30 बजे सड़क किनारे स्थित एक जर्जर गूलर का पेड़ भारी बारिश के कारण बस पर गिर पड़ा। पेड़ बस के आगे के हिस्से में गिरा, जिससे पांच यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के बाद अधिकांश को घर भेज दिया गया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।


एडीओ शिक्षिका सहित पांच यात्रियों की मौत



मृतकों में नगर के गुलहरिया गार्दा निवासी शिक्षा मल्होत्रा पत्नी विनय कुमार (सहायक अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय कादीपुर) शामिल हैं, जो सिद्धौर में चल रही ट्रेनिंग में जा रही थीं। नगर के संतोषी माता मंदिर पीरबटावन की रहने वाली जुही सक्सेना (पुत्री मदन मोहन सक्सेना) ब्लॉक हरख में सहायक विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं। इसके अलावा बंकी के उत्तर टोला निवासी मीना श्रीवास्तव (क्लर्क, ब्लॉक हरख) भी मृतकों में शामिल हैं। मीना के पति दुर्गेश श्रीवास्तव की मृत्यु बीमारी से हो चुकी थी, जिसके बाद उन्हें नौकरी मिली थी। उनके परिवार में 18 वर्षीय पुत्री नैनी है।
चालक अमेठी के शुक्ल बाजार निवासी संतोष कुमार पुत्र देव नारायण तथा अमेठी के इन्हौना निवासी रफीकुन निशा पत्नी मोहम्मद अली की भी मौत हो गई।


घायलों में कई स्कूल कर्मी भी


घायलों में कोटवा की शैल कुमारी वर्मा (शिक्षामित्र, प्राथमिक विद्यालय कुम्हरावा) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों में हैदरगढ़ के रिजवान, सजीवन, अमेठी के शुक्ल बाजार के रामप्रसाद, रायबरेली के सुधीर कुमार, मोहम्मद अली, भुनई रुद्रकोठी के अर्जुन पुत्र बाबा दीन और उनका 12 वर्षीय बेटा लवलेश, हैदरगढ़ के परिचालक रामतीर्थ दीक्षित सहित 17 लोग शामिल हैं। कुछ घायलों ने निजी क्लीनिक में उपचार कराकर घर लौट गए।


आश्रितों को पांचपांच लाख रुपयेडीएम


जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि भारी बारिश के कारण पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ। मृतकों के आश्रितों को परिवहन निगम की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।


क्षमता से अधिक यात्री


हादसे के समय बस में 60 यात्री सवार थे, जबकि बस की क्षमता केवल 42 यात्रियों की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments