अंबेडकर नगर। महात्मा ज्योतिबा फुले संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में नव-निर्मित ट्रॉमा सेंटर का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद हरिओम पाण्डेय व विशिष्ट अतिथि कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी.एन. यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी हरिओम पाण्डेय ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर शुरू होने से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों में घायलों को अब त्वरित व बेहतर इलाज मिल सकेगा, जिससे बाहर रेफर करने की जरूरत कम होगी। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा।
उन्होंने ‘गोल्डन ऑवर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस अवधि में उपचार मिलने से मरीजों की जान बचाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। साथ ही समय और धन दोनों की बचत होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।
वहीं विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर का संचालन जनपद में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।