अयोध्या। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने सोमवार को अयोध्या स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाओं पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तीन दिन के भीतर सभी कमियों को दूर कर मुख्यालय को लिखित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।
परिवहन आयुक्त ने कार्यालय के विभिन्न पटल, अभिलेखों के रखरखाव तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने सारथी पोर्टल एवं वाहन पोर्टल पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए पेंडेंसी को शून्य करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण और रखरखाव की व्यवस्था को निर्धारित समय सीमा में सुधारने को कहा।
निरीक्षण के दौरान परमिट और प्रवर्तन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। परिवहन आयुक्त ने इन व्यवस्थाओं को तीन दिन के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मीडिया से बातचीत में आशुतोष निरंजन ने कहा कि किसी भी व्यवस्था में सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है और परिवहन विभाग अपनी जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग टेस्टिंग की आधुनिक मशीनें मारुति सुजुकी द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि इनके संचालन एवं अन्य भौतिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विभाग के पास है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण सुविधा की उपयोगिता अभी अपेक्षाकृत कम है। मात्र एक हजार रुपये शुल्क वाली इस व्यवस्था के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।