Friday, November 20, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यापंचकोसी परिक्रमा को लेकर अयोध्या में आज शाम से लागू होगा डायवर्जन,...

पंचकोसी परिक्रमा को लेकर अयोध्या में आज शाम से लागू होगा डायवर्जन, 14 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था


◆ 19 नवंबर शाम छह बजे से परिक्रमा और भीड़ समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी यातायात व्यवस्था


◆ 16 स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन


◆ श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने जारी किया प्लान


अयोध्या। पंचकोसी परिक्रमा के दौरान रामनगरी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 19 नवंबर को शाम छह बजे से परिक्रमा और भीड़ समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए शहर के 16 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। वहीं श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले वाहनों के लिए 14 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार लकड़मंडी चौराहा बैरियर से पुराने सरयू पुल की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहन लोलपुर (गोंडा) बाईपास से अपने गंतव्य को जाएंगे। दुर्गागंज माझा बैरियर से भी पुराने सरयू पुल की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इन्हें लकड़मंडी चौराहा और लोलपुर बाईपास से निकाला जाएगा।

हनुमानगुफा चौराहे पर परिक्रमा मार्ग होने के कारण साकेत पेट्रोल पंप बैरियर से लता मंगेशकर चौक की ओर तथा हनुमानगुफा चौराहा बैरियर से लता मंगेशकर चौक और वासुदेव घाट तिराहे की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को लोलपुर बाईपास और साकेत फ्लाईओवर से होकर निकाला जाएगा। गांधी आश्रम बैरियर से लता मंगेशकर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को जानकी महल मोड़ से भेजा जाएगा।

रामघाट चौराहे पर परिक्रमा मार्ग होने के कारण बालू घाट बैरियर से वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सभी वाहन एनएच-27 हाईवे से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। इसी तरह आसिफबाग चौराहे की सर्विस लेन पर दोनों ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बूथ नंबर चार येलो जोन बैरियर से साथी तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को एनएच-27 से निकाला जाएगा।

महोबरा फ्लाईओवर के नीचे, टेढ़ी बाजार चौराहे और उदया फ्लाईओवर के नीचे भी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी। बेनीगंज चौराहे से वाहनों को आवास विकास कॉलोनी और देवकाली तिराहे की ओर से निकाला जाएगा। गैस गोदाम तिराहे से चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। कटरा तिराहे से द्वारिकाधीश मंदिर तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।

लंगड़वीर फ्लाईओवर की ढलान से चूड़ामणि चौराहे की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ऐसे वाहनों को लंगड़वीर फ्लाईओवर के नीचे से विद्याकुंड चौराहा, आसिफबाग फ्लाईओवर के नीचे से सीधे हलकारा का पुरवा फ्लाईओवर होकर निकाला जाएगा।


14 स्थानों पर होगी पार्किंग


पंचकोसी परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए 14 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें फटिकशिला आश्रम के पास रेलवे डाट पुल के बगल और आश्रम के निकट पार्किंग, बहराइच भवन के सामने बंधा मार्ग व फुटपाथ, साकेत पुल के दाहिनी ओर खाली मैदान, साकेत पुल के बगल दशरथ पथ, बैकुंठ धाम के बगल खाली स्थान, महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय परिसर, बालू घाट के पास मल्टीलेवल पार्किंग और सूर्या पैलेस के बगल पार्किंग शामिल हैं।

इसके अलावा साथी तिराहा फ्लाईओवर के नीचे, आसिफबाग फ्लाईओवर के नीचे, उदया चौराहे के पास मोटर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट परिसर और उदया चौराहे से पहले आईटीआई परिसर में भी पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। गोंडा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए कटरा रेलवे स्टेशन के सामने मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है।

प्रशासन ने गोंडा और बस्ती की ओर जाने वाले तथा लखनऊ की तरफ से आने वाले वाहनों को भीड़ से बचने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी है। यातायात पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि परिक्रमा के दौरान आवागमन सुचारु बना रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments