Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या हाइवे पर लोगों को झांसा देकर रुपये व सामान उड़ाने वाले गिरोह...

हाइवे पर लोगों को झांसा देकर रुपये व सामान उड़ाने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

0
5

अयोध्या। हाइवे पर राहगीरों को झांसा देकर कार में बैठाने और रास्ते में उनका पैसा व कीमती सामान लेकर फरार हो जाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक कार, 25,300 रुपये नकद तथा एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र में दर्ज एक मामले में मुखबिर की सूचना पर उसरू नहर पुलिया, रायबरेली रोड के पास से तीन लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे हाइवे पर लोगों को बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठा लेते थे और बातचीत के दौरान उनका पैसा व अन्य कीमती सामान निकाल लेते थे। इसके बाद उन्हें बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो जाते थे। पकड़े गए लोगों ने यह भी बताया कि पहचान से बचने के लिए कार के पीछे की नंबर प्लेट हटा दी जाती थी, ताकि कोई फोटो न ले सके।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान अनिल सिंह (निवासी ग्राम मढ़ना, थाना महाराजगंज), आनंद पांडेय (निवासी सालिक पंडित का पुरवा, सनेथू, थाना पूराकलंदर) तथा भास्कर पांडेय उर्फ पप्पू (निवासी सालिक पंडित का पुरवा, सनेथू, थाना पूराकलंदर) के रूप में हुई है। आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आनंद पांडेय और भास्कर पांडेय पर पहले भी चोरी, लूट और अन्य गंभीर मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अनिल सिंह के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here