आलापुर अंबेडकर नगर। ग्रामीण इलाकों में इन दिनों अफवाहों का दौर जारी है। अफवाहों के बीच जहां लोग भयभीत हैं, वहीं चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। नतीजा यह है कि पुलिस चौकन्ना रहने के बावजूद चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं।
थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम देवरिया बुजुर्ग में बीते दिनों अज्ञात चोर अख्तर खान के दो ट्यूबवेल का रिफ्लेक्स वाल उखाड़कर ले गए। वहीं थाना जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम सहाबुद्दीनपुर में भी बीती रात चोरी की घटना सामने आई। यहां चोर त्रिवेणी तिवारी के घर में घुसे और घर व दुकान से हजारों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि अफवाहों की वजह से लोग रातभर सतर्क रहते हैं, फिर भी चोर मौका पाकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पीड़ितों ने घटनाओं की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।