अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्रतिष्ठा द्वादशी (पाटोत्सव) के अंतर्गत यज्ञशाला अनुष्ठानों का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वास्तु पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद गणहोम, तत्त्वकलश स्थापना, तत्त्वहोम, सुदर्शन होम सहित अन्य अनुष्ठान कराए गए। यज्ञशाला में अग्नि प्रज्वलन के साथ आचार्यों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया।
सायंकाल मंदिर परिसर में देवदर्शन के लिए उत्सव विग्रह की पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की उपस्थिति बनी रही।
पांच दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान का संचालन वैदिक आचार्यों द्वारा किया जा रहा है। आयोजन का समन्वय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी जगद्गुरु मध्वाचार्य द्वारा किया जा रहा है।
प्रतिष्ठा द्वादशी पाटोत्सव के अवसर पर अयोध्या में देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में प्रवेश, दर्शन और अन्य व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जा रही है।