Friday, November 13, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याचौदहकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा पर भारी वाहनों का रूट बदलेगा

चौदहकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा पर भारी वाहनों का रूट बदलेगा


◆ 17 नवंबर दोपहर 12 बजे से 19 नवंबर सुबह छह बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन, 23 नवंबर से कार्तिक पूर्णिमा स्नान तक भी रहेगी व्यवस्था


◆ गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, लखनऊ समेत विभिन्न जिलों से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित किए गए वैकल्पिक मार्ग


अयोध्या। चौदह कोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले के दौरान अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने बाहरी जनपदों से आने वाले भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। चौदहकोसी परिक्रमा के मद्देनजर 17 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 19 नवंबर को सुबह छह बजे तक अथवा परिक्रमा समाप्त होने तक डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेले के लिए 23 नवंबर को सुबह आठ बजे से 24 नवंबर को मेला अथवा भीड़ समाप्त होने तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।

पुलिस की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अयोध्या की तरफ आने वाले ट्रक, डीसीएम और ट्रैक्टर समेत अन्य भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। गोंडा और बहराइच की ओर जाने वाले भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसी तरह लखनऊ और बाराबंकी से गोंडा व बहराइच की तरफ जाने वाले वाहनों को भी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भेजा जाएगा।


इन मार्गों से गुजरेंगे भारी वाहन


रायबरेली से आने वाले वाहन हैदरगढ़ से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। सुल्तानपुर से आने वाले वाहनों को कूड़ाभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आजमगढ़ और अंबेडकरनगर से आने वाले वाहन गोहन्ना मोड़ से दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर जाएंगे।

बाराबंकी से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेहीघाट से हैदरगढ़ होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। बस्ती से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज (गोंडा) की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि गोंडा के नवाबगंज की तरफ से आने वाले वाहन करमडीह से लोलपुर होकर बहराइच की ओर जाएंगे।

गोरखपुर से आने वाले वाहनों को गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे के जरिए सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती से आने वाले वाहनों को फुटहिया चौकी से कलवारी, टांडा, अकबरपुर और दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

गोरखपुर, बस्ती, उतरौला, बलरामपुर और गोंडा से आने वाले वाहनों को जरवल रोड तिराहा से बहराइच की ओर भेजकर टिकोरामोड़, चहलारीघाट रोड होते हुए सिधौली के रास्ते सीतापुर-लखनऊ मार्ग पर निकाला जाएगा। बलरामपुर, बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहनों के लिए भी टिकोरामोड़ से चहलारीघाट रोड होते हुए सिधौली का मार्ग निर्धारित किया गया है।

कानपुर से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज और चांद सराय होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर भेजा जाएगा। वहीं, आगरा एक्सप्रेस-वे से लखनऊ आने वाले वाहनों को मोहन, जुनाबगंज, मोहनलालगंज और गोसाईगंज होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। सीतापुर और शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को बीकेटी से किसान पथ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर भेजा जाएगा।

यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए एडीजी जोन अयोध्या और एडीजी ट्रैफिक मुख्यालय की ओर से संबंधित जनपदों के अधिकारियों को बैठक और ब्रीफिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें, ताकि परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments