◆ गेहूं और चावल बरामद, तमंचा-कारतूस के साथ बाइक भी जब्त; दूसरा आरोपी फरार
अंबेडकर नगर। प्राथमिक विद्यालय इटवा में चोरी की घटना का भीटी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का 48 किलोग्राम गेहूं, 48 किलोग्राम चावल, अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, बीते छह अक्टूबर को प्राथमिक विद्यालय इटवा के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र ने विद्यालय के रसोईघर और कार्यालय का ताला तोड़कर सामान चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में भीटी थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लवकुश चौहान (20) पुत्र इंद्रपाल चौहान निवासी गौहनिया, थाना गोसाईंगंज, अयोध्या को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से टीवीएस रेडियॉन मोटरसाइकिल पर लदी बोरियों में 48 किलो गेहूं और 48 किलो चावल बरामद हुआ। तलाशी के दौरान एक .315 बोर का देशी तमंचा और एक कारतूस भी मिला। इस दौरान बाइक पर सवार दूसरा आरोपित फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ अयोध्या के गोसाईंगंज और बस्ती के छावनी थाने में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय कुमार सोनी, उपनिरीक्षक महेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।