Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या कनक भवन से श्रीराम जन्मभूमि तक चौड़ी होगी सड़क, पीडब्ल्यूडी ने भेजा...

कनक भवन से श्रीराम जन्मभूमि तक चौड़ी होगी सड़क, पीडब्ल्यूडी ने भेजा प्रस्ताव

0
ayodhya samachar

अयोध्या । श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कनक भवन से श्रीराम जन्मभूमि त्रिदंडी देव भवन तक के मार्ग को चौड़ा और सुदृढ़ करने की योजना बनाई गई है। वर्तमान में यह मार्ग करीब 1.21 किलोमीटर लंबा है और इसकी चौड़ाई केवल 3.50 मीटर है, जो भीड़भाड़ के लिहाज से पर्याप्त नहीं मानी जा रही। अब लोक निर्माण विभाग ने इसे 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1646 लाख रुपये बताई गई है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य अयोध्या में तीर्थयात्रियों की बढ़ती आवाजाही और स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित किया गया है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एसपी भारती के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण के साथ ही इसमें ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटिंग और इंटरलॉकिंग टाइल्स जैसी सुविधाएं शामिल की जाएंगी।

वर्तमान में यह मार्ग कई स्थानों पर संकरा और अव्यवस्थित है, जिससे आमजन और श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी होती है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क का दोतरफा यातायात और पैदल यात्रियों के लिए पर्याप्त जगह बनाने के लिए इसका चौड़ीकरण जरूरी हो गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। विभागीय स्तर पर यह भी कहा गया है कि यह परियोजना शहर के अन्य विकास कार्यों से जुड़ी हुई है और इसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version