अयोध्या। 501 बटुक ब्राह्मणों द्वारा स्वस्तिवाचन तथा संत-महंतों के शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की पवित्र ध्वनि के मध्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाएगा। साकेत महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर वैदिक परंपरा के अनुरूप स्वातिवाचन होगा। वहीं साकेत महाविद्यालय से रामजन्मभूमि गेट नंबर-11 तक सड़क के दोनों ओर खड़े लोग पुष्पवर्षा के माध्यम से प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। स्वागत के लिए 12 मंच बनाए गए हैं जहां से पुष्प वर्षा की जाएगी। स्वागत पथ पर सात स्थानों पर सांस्कतिक कार्यक्रम होगा। पीएम के स्वागत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बैठक और संवाद का सिलसिला दिनभर चलता रहा।
