◆ चेयरमैन और ईओ बैठक छोड़कर निकले, देर शाम तक सभाकक्ष में डटे रहे विपक्षी सभासद
जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर पालिका परिषद जलालपुर बोर्ड की गुरुवार को हुई बैठक फ्रीजर खरीद में अनियमितता और वाहन वसूली के हिसाब-किताब को लेकर हुए हंगामे की भेंट चढ़ गई। सवालों पर चर्चा के बीच विवाद बढ़ने पर पालिका अध्यक्ष खुर्शीद जहां और अधिशासी अधिकारी बैठक छोड़कर चले गए। इसके बाद विपक्षी सभासदों ने कड़ा विरोध जताते हुए देर शाम तक सभाकक्ष में डेरा डाले रखा।
पालिका अध्यक्ष खुर्शीद जहां की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई। टैक्सी स्टैंड के ठेके के अनुमोदन समेत अन्य प्रस्तावों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान सभासद आशीष सोनी ने नगर में लगाए गए फ्रीजर की खरीद और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं में कथित अनियमितता का मुद्दा उठाया। सभासदों ने वाहन वसूली के हिसाब-किताब समेत अन्य मामलों पर भी पालिका प्रशासन से जवाब मांगा।
आरोप है कि संबंधित मुद्दों पर स्पष्ट जवाब नहीं मिलने से सभासदों में नाराजगी बढ़ गई और बैठक में हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते स्थिति ऐसी बनी कि पालिका अध्यक्ष और ईओ बैठक छोड़कर चले गए। इसके बाद विपक्षी सभासदों का आक्रोश और बढ़ गया। सभासद देर शाम तक सभाकक्ष में बैठे रहे और उठाए गए मुद्दों पर जवाब की मांग करते रहे।
इसी बीच भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरी भी पालिका पहुंचे। उन्होंने सभासदों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और एसडीएम से वार्ता कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया।
बैठक में सभासद आशीष सोनी, अजीत निषाद, अनुज सोनकर, सभासद प्रतिनिधि देवेश मिश्रा, रमेश मौर्य, दिलीप यादव, मनोनीत सभासद विकास सोनकर, सुरेश गुप्ता, आसाराम मौर्य, गौरव उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे।