Thursday, October 8, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरवोट बचाओ, देश बचाओ के तहत कांग्रेसियों ने निकाली रैली

वोट बचाओ, देश बचाओ के तहत कांग्रेसियों ने निकाली रैली


जलालपुर, अंबेडकर नगर। मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को  वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत जलालपुर में पैदल रैली निकाली। ब्लॉक परिसर स्थित शहीद पार्क से शुरू हुई रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग उठाई गई। रैली का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने किया।

शहीद पार्क से निकली रैली शिवाजी तिराहा, जमालपुर चौराहा, जूता गली, कोतवाली गेट और सराय चौक होते हुए यादव चौराहे पर पहुंची। इसके बाद कार्यकर्ता वापस ब्लॉक परिसर स्थित शहीद पार्क पहुंचे, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।

उपनिबंधन कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो और नरेंद्र मोदी इस्तीफा दो’ समेत कई नारे लगाए।

जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान फॉर्म-6 में किए गए संशोधन के जरिए कमियों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ कथित कार्रवाई का उल्लेख करते हुए सरकार से माफी मांगने की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग उठाई।

ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।

रैली में जिला महासचिव अमरनाथ यादव, जिला सचिव सुशील गौतम, राज कौशिक वर्मा, मुन्नीलाल मास्टर, अबू सहमा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments