Friday, July 31, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याहोम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज ने संसाधन बढ़ाने की मांग उठाई, विधायक को सौंपा...

होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज ने संसाधन बढ़ाने की मांग उठाई, विधायक को सौंपा मांगपत्र


◆ उपकरणों, छात्रावास सुविधाओं और आधारभूत निर्माण कार्यों के लिए सहयोग का अनुरोध


अयोध्या। देवकाली स्थित राजकीय डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में चिकित्सा एवं शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कॉलेज प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों से सहयोग मांगा है। शुक्रवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. आशीष कुमार सिंह ने अयोध्या सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता से मुलाकात कर आवश्यक संसाधनों और निर्माण कार्यों के संबंध में मांगपत्र सौंपा।

प्राचार्य ने विधायक को बताया कि महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में प्रतिदिन अयोध्या सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। साथ ही यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में संसाधनों की कमी के कारण चिकित्सा सेवाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

मांगपत्र में अस्पताल के लिए ऑटो बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर, ऑटो एनालाइजर, 16 चैनल ईसीजी मशीन, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर, मरीजों के बेड, सोलर स्ट्रीट लाइट, महिला छात्रावास के लिए आरओ प्लांट एवं वाटर कूलर, मरीजों के लिए वॉल फैन और कूलर उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

इसके अलावा संस्थान के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने आरसीसी निर्माण, विभागीय कक्षों और कक्षाओं के सामने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत तथा नाली पर स्लैब लगाने जैसे आधारभूत निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता से कराए जाने का अनुरोध किया गया है।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मांगपत्र प्राप्त करने के बाद कहा कि कॉलेज प्रशासन द्वारा उठाई गई आवश्यकताओं पर संबंधित स्तर पर विचार कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments