Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या माघ मेला, मकर संक्रान्ति व बसंत पंचमी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

माघ मेला, मकर संक्रान्ति व बसंत पंचमी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

0

अयोध्या। माघ मेला, मकर संक्रान्ति एवं बसंत पंचमी के अवसर पर रामनगरी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर जिला स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को त्वरित एवं सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर अस्थाई चिकित्सा शिविरों और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा माघ मेले के लिए तीन जनवरी से 15 फरवरी तक चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं मकर संक्रान्ति पर्व को लेकर 12 जनवरी से 16 जनवरी तक तथा बसंत पंचमी मेले के लिए 21 जनवरी से 25 जनवरी तक विशेष इंतजाम रहेंगे। माघ मेले के दौरान जिले के आठ प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस को हॉट स्पॉट के रूप में तैनात किया जाएगा। इनमें कोतवाली बीकापुर, रुदौली, थाना पूराकलंदर, महाराजगंज, गोसाईगंज, रौनाही, इनायतनगर एवं कुमारगंज शामिल हैं।

मकर संक्रान्ति और बसंत पंचमी मेले के दौरान 15 स्थानों पर अस्थाई प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें हनुमान मंदिर, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, कनक भवन मंदिर, रामजन्मभूमि निकास द्वार व पीएफसी, नागेश्वरनाथ मंदिर, पक्का घाट, कारसेवकपुरम, साकेत पेट्रोल पंप, अंतरराष्ट्रीय बस स्टेशन, दशरथ महल, वीणा चौराहा, हनुमान गुफा, झुनकी घाट एवं कंट्रोल रूम शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त दोनों पर्वों के दौरान 10 प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सतर्कता के साथ संचालित की जाएंगी, जिससे श्रद्धालु निश्चिंत होकर दर्शन-पूजन कर सकें।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version