Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर मोरंग  लदे  ट्रक को जबरन रोककर चालक व खलासी को पीटा

मोरंग  लदे  ट्रक को जबरन रोककर चालक व खलासी को पीटा

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर-मालीपुर मार्ग पर ब्रह्मदेव मंदिर के पास मोरंग लदे ट्रक को जबरन रोककर चालक और  खलासी के साथ मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, मोबाइल छीनने और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने जलालपुर कोतवाली में प्रार्थनापत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खालिसपुर निवासी ट्रक चालक परमानंद के अनुसार, आठ अक्टूबर की रात लगभग साढे आठ बजे वह बिहार से मोरंग लादकर ट्रक से जलालपुर-मालीपुर मार्ग होते हुए अकबरपुर जा रहा था। आरोप है कि ब्रह्मदेव मंदिर के पास बुलेट मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहनों से पहुंचे करीब छह लोगों ने ट्रक को जबरन रुकवा लिया। आरोपितों ने क्षेत्र में मोरंग नहीं बेचने की धमकी देते हुए चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद चालक और उसके सहायक सूरज सिंह को जबरन नरसिंह यादव के इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर ले जाया गया, जहां उनके साथ फिर मारपीट किए जाने का आरोप है।

चालक ने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति का होने के कारण उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।  ट्रक स्वामी दीपक सिंह ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। जलालपुर कोतवाली को भी घटना की जानकारी दी गई। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों को दूसरे स्थान पर ले जाया गया। बाद में पुलिस के दबाव पर उन्हें दोबारा पेट्रोल पंप पर लाया गया।

चालक का आरोप है कि इसके बाद उस पर दबाव बनाकर ट्रक को आजमगढ़ की ओर वापस भेज दिया गया। साथ ही दोबारा क्षेत्र में मोरंग का कारोबार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने विवेक सिंह निवासी लाभापार, सुभाष यादव, दीपू यादव, गुड्डू सिंह समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाया है। उसने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल का नंबर भी पुलिस को दिए गए प्रार्थनापत्र में दर्ज कराया है। पीड़ित ने पुलिस से 112 कॉल का रिकॉर्ड, संबंधित पुलिस अभिलेख और पेट्रोल पंप व घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में कोतवाल अजय प्रताप ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version