Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की बदहाली पर नाराजगी, विभागों से शीघ्र...

दुर्गा पूजा से पहले सड़कों की बदहाली पर नाराजगी, विभागों से शीघ्र सुधार की मांग

0
ayodhya samachar

◆ मां भगवती की विसर्जन शोभायात्रा 20 अक्टूबर को, 31 स्थानों पर शुरू हुए माता के दर्शन


अयोध्या। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा उत्सव को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों की पूजा समितियों के प्रमुखों से मुलाकात कर आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने के निर्देश दिए। वहीं, शहर में सीवर लाइन, जल निगम और निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों से सड़कों को जल्द चलने योग्य बनाने की मांग की।

जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने ग्रामीण समितियों के प्रमुख ध्रुव गुप्ता, हेमंत गुप्ता, प्रमोद सोनी, दीपक गुप्ता योगी, महेश कौशल, रोशन अग्रहरि, अशोक गुप्ता, भगवती प्रसाद गुप्ता दयालु और अयोध्या धाम के धनुषधारी शुक्ल से मुलाकात की। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में पूजा और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों को बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया।


सड़कों की बदहाली पर जताई नाराजगी


समिति के जिला अध्यक्ष ने चौक घंटाघर से फतेहगंज रेलवे क्रॉसिंग तक सीवर लाइन के धीमे कार्य और रेलवे क्रॉसिंग से हनुमानगढ़ी नाका तक जल निगम व जलकल के कार्यों में देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी। ऐसे में सड़कों की खराब स्थिति से लोगों को परेशानी हो सकती है और जनाक्रोश बढ़ सकता है।

केंद्रीय समिति के जिला संयोजक गगन जायसवाल ने नगर निगम के निर्माण अनुभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस वर्ष निर्माण कार्यों में असामान्य देरी देखने को मिल रही है। उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और विकास प्राधिकरण सहित सभी संबंधित विभागों से अपने-अपने मार्गों की मरम्मत कर उन्हें जल्द आवागमन योग्य बनाने की मांग की।


20 अक्टूबर को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा


समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर ने बताया कि मां भगवती की भव्य विसर्जन शोभायात्रा 20 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे राजकीय इंटर कॉलेज, अयोध्या के प्रांगण से निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, बड़े हनुमान जी की प्रतिमा, विशाल ध्वज, महिला शक्तिवाहिनी और पुरुष शक्तिवाहिनी की टुकड़ियां शामिल होंगी। विभिन्न पूजा समितियों की प्रतिमाएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल, प्रमुख संरक्षक विजय कुमार गुप्ता, संयोजक गगन जायसवाल और कार्यसमिति के सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।


नवरात्र से शुरू होगा प्रतिमा पूजन


प्रवक्ता के अनुसार, नौ दिवसीय नवरात्र के लिए ग्रामीण क्षेत्रों की समितियां 11 अक्टूबर से अपने पूजा पंडालों में मां की प्रतिमाओं का आह्वान और पूजन शुरू करेंगी। नगरीय क्षेत्र में तीन दिवसीय मुख्य मेले से जुड़ी समितियां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की धार्मिक समिति के परामर्श के अनुसार 16 अक्टूबर को मूल नक्षत्र में प्रतिमाओं का आह्वान करेंगी। इसके बाद आमजन के लिए दर्शन शुरू होंगे। 19 अक्टूबर को श्रवण नक्षत्र में प्रतिमाओं के स्थल विसर्जन की प्रक्रिया होगी।


शक्तिवाहिनी को दिया जाएगा प्रशिक्षण


समिति की ओर से पूजा पंडालों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए शक्तिवाहिनी तथा महिला शक्तिवाहिनी के प्रशिक्षण की तैयारी भी की जा रही है। जिला प्रमुख रविकांत आर्य, सह प्रमुख नागेंद्र पांडेय और पंकज सनाढ्य तथा महिला शक्तिवाहिनी की नेतृत्वकर्ता अशोका द्विवेदी, शकुंतला गौतम और रीना द्विवेदी के निर्देशन में कार्यकर्ताओं को श्रद्धालुओं की सहायता, यातायात नियंत्रण, पंडालों की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version