अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली कनेक्शन, ट्रांसफार्मरों की स्थिति, अबाध विद्युत आपूर्ति तथा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों, पंचायत भवनों एवं सामुदायिक शौचालयों में विद्युत व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सरकारी भवनों में विद्युत कनेक्शन, मीटर रीडिंग, विद्युत बिल भुगतान और बिजली आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों, पंचायत भवनों और सामुदायिक शौचालयों में विद्युत कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जहां भी विद्युत संबंधी समस्याएं लंबित हैं, उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
डीएम ने ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की समीक्षा करते हुए खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने अथवा मरम्मत कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों और सार्वजनिक उपयोग के भवनों में सुचारु विद्युत व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जिलाधिकारी ने मीटर रीडिंग और विद्युत बिलों के नियमित सत्यापन के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न भवनों में विद्युत कनेक्शन, मीटरिंग और बिजली आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।