अयोध्या। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान (सीएम युवा) और पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने संबंधित बैंक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के जल्द निस्तारण पर जोर दिया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक, सहायक आयुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यमिता केंद्र अयोध्या सहित विभिन्न बैंकों के 15 शाखा प्रबंधकों ने भाग लिया। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक तथा एक्सिस बैंक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान कुछ बैंक शाखाओं में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान एवं पीएम सूर्यघर योजना के तहत बड़ी संख्या में आवेदन लंबित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक अधिकारियों से कारणों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण योजना है। वहीं पीएम सूर्यघर योजना के माध्यम से आमजन को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बैंक प्रबंधकों से अधिक से अधिक आवेदनों को स्वीकृत कर योजनाओं को जनपद में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। बैठक में बेहतर कार्य करने वाले शाखा प्रबंधकों की सराहना भी की गई।