अयोध्या। 29 अप्रैल को प्रस्तावित मुख्यमंत्री कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राम कथा पार्क, हनुमानगढ़ी, श्री राम जन्मभूमि परिसर तथा एयरपोर्ट पहुंचकर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और सुरक्षा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक बिंदु पर सतर्कता बनाए रखें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था और मार्गों की साफ-सफाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर एसपी प्रोटोकॉल अयोध्या सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य विक्रम अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।