बसखारी अंबेडकर नगर। संदिग्धावस्था में पेड़ से लटके रस्सी के फंदे से अज्ञात युवक का शव पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान करने में जुट गई है। घटना शुक्रवार की सुबह बसखारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित मसड़ा मोहन पुर के कमहलिया बाग की बताया जा रही है। जहां पर स्थित बाग में लगभग 25 वर्षीय अज्ञात एक युवक का शव पेड़ से लटके हुए फंदे से झूलता हुआ देखकर स्थानीय लोगो की भीड़ जुटने लगी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो शव के करीब एक गिलास ,एक दारू की शीशी व एक मोबाइल पड़ी हुई थी। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर युवक की पहचान के प्रयास में जुट गई। कुछ देर बाद युवक की पहचान गौतम पाल पुत्र बहादुर पाल निवासी सराय रसूलपुर थाना बलुआ जनपद चंदौली के रूप में हुई। जो मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है और परिवार के साथ इलाज के लिए दरगाह आया था। मामले में मृतक के भाई कन्हैया पाल के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने पंचनामा भरवा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।