Sunday, November 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्या14 कोसी परिक्रमा मार्ग 11 जोन में विभाजित, सुरक्षा की कमान संभालेंगे...

14 कोसी परिक्रमा मार्ग 11 जोन में विभाजित, सुरक्षा की कमान संभालेंगे सैकड़ों मजिस्ट्रेट


◆ पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए भी अलग–अलग जोन बनाकर तैनाती, बैरियर से घाटों तक रहेगी प्रशासनिक निगरानी


अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। 14 कोसी परिक्रमा, पंचकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग को 11 जोन में बांटा गया है, जबकि गुप्तारघाट जोन को मिलाकर कुल 12 जोन बनाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए सुपर जोनल, जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पूरी व्यवस्था में सैकड़ों अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा मेला 18 से 24 नवंबर तक चलेगा। 14 कोसी परिक्रमा 17 नवंबर की रात 1:10 बजे से 19 नवंबर की रात 2:55 बजे तक, पंचकोसी परिक्रमा 20 नवंबर की रात 3:01 बजे से 21 नवंबर की रात 2:37 बजे तक तथा कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 23 नवंबर की रात 10:48 बजे से 24 नवंबर की रात 8:52 बजे तक होगा।

पंचकोसी परिक्रमा के लिए जोन-1 से जोन-8 तक अलग व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेला क्षेत्र के लिए घाट, नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन तथा यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग जोन बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में मंदिरों, घाटों, रामपथ, प्रमुख चौराहों और यातायात मार्गों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।


बैरियर और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी


प्रशासन ने बैरियर, चौराहों, घाटों और संवेदनशील स्थलों पर सौ से अधिक स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है। जोन-1 में नौ और जोन-10 में 22 स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी दो पालियों में निर्धारित की गई है। पहली पाली रात 10 बजे से सुबह 9:30 बजे तक तथा दूसरी पाली सुबह 9 बजे से रात 10:30 बजे तक संचालित होगी।

हनुमानगढ़ी जोन में दस सेक्टर, नागेश्वरनाथ में पांच, घाट जोन में चार और कनक भवन जोन में चार सेक्टर बनाए गए हैं। यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए भी अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए गए हैं। किसी अधिकारी की अनुपस्थिति अथवा अतिरिक्त आवश्यकता पड़ने पर तत्काल तैनाती के लिए 50 से अधिक अधिकारियों को आरक्षित सूची में रखा गया है।


नया घाट पर बनेगा केंद्रीय मेला नियंत्रण कक्ष


मेला व्यवस्था के संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए नया घाट स्थित सिंचाई गेस्ट हाउस के पास केंद्रीय मेला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। यहां से व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ यातायात, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सफाई, पेयजल, चिकित्सा, विद्युत और अग्निशमन सेवाओं को भी दुरुस्त रखने की तैयारी की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments