अंबेडकर नगर। मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटेहरी पर टायफायड और डेंगू जांच किट न होने से मरीज परेशान थे। सोमवार को केंद्र पर भारी भीड़ जुटी, लेकिन जांच न होने से लोगों को निराशा हाथ लगी।
बाहर जांच कराने को मजबूर
डॉक्टरों द्वारा मलेरिया, टायफायड और डेंगू जांच लिखे जाने के बावजूद बीते करीब 20 दिनों से किट न मिलने पर मरीजों को निजी पैथोलॉजी का सहारा लेना पड़ रहा था। इससे गरीब मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया।
जनप्रतिनिधि की नाराजगी
स्थिति की जानकारी होने पर जिला पंचायत सदस्य पवन सिंह पिंटू ने सीएचसी का दौरा कर नाराजगी जताई और इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, फिर भी बुनियादी जांच सुविधाओं का अभाव मरीजों के लिए समस्या बना हुआ है।
खबर का असर—मिल गई जांच किट
समाचार प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और सोमवार की देर शाम ही कटेहरी सीएचसी पर टायफायड व डेंगू जांच किट पहुंचा दी गईं। सीएचसी प्रभारी अंकुश पटेल ने बताया कि अब मरीजों की जांचें यहीं शुरू कर दी जाएंगी और किसी को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।