◆ प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं के नेतृत्व में निकाला गया आक्रोश मार्च
◆ आक्रोश मार्च में भाजपा के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
अयोध्या। नारी शक्ति वंदन अधिनियम की रूपरेखा तय करने के लिए लोकसभा में प्रस्तुत महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ भाजपा ने आक्रोश व्यक्त किया। प्रबुद्ध वर्ग की महिलाओं के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा ने आक्रोश मार्च निकाला। आक्रोश मार्च गुरुनानक महिला महाविद्यालय से प्रारंभ होकर कोल्ड स्टोर चौराहे तक पहुंचा। कोल्ड स्टोर चौराहे पर पहुंचकर पार्टी ने विपक्ष का पुतला जलाते हुए अपने विरोध को प्रदर्शित किया।

मार्च के दौरान महिलाओं ने “नारी शक्ति के सम्मान में भाजपा मैदान में” तथा “कांग्रेस का हाथ नारी शक्ति के खिलाफ” जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां हाथों में लेकर समाजवादी पार्टी , कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आक्रोश मार्च निकलने से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनैतिक भागीदारी में सशक्त बनाने का मजबूत माध्यम है, लेकिन विपक्ष इसका विरोध कर महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय कर रहा है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भाजपा हमेशा से महिला सशक्तिकरण के पक्ष में रही है। महिलाओं को सशक्त करने के लिए प्रस्तुत अधिनियम का विरोध करके विपक्ष ने अपनी महिला विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।



